भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की मांग, आदित्य साहू ने कांग्रेस और हेमंत सरकार पर साधा निशाना

गणादेश,रांची : सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग बच्ची के यौन शोषण, दुष्कर्म और गर्भपात कराने के लगे गंभीर आरोपों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस घटना को झारखंड के लिए शर्मनाक बताते हुए आरोपी विधायक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़िता को सुरक्षा देने की मांग की है।

आदित्य साहू ने कहा कि आदिवासी बेटियों के सम्मान और सुरक्षा की बात करने वाली कांग्रेस का असली चेहरा इस मामले में सामने आ गया है। आरोप है कि बच्ची को पढ़ाई और बेहतर भविष्य का भरोसा देकर विधायक ने अपने आवास पर बुलाया और उसका शोषण किया। पीड़िता ने विधायक के परिजनों पर भी मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मामला एक प्रभावशाली जनप्रतिनिधि से जुड़ा होने के कारण पीड़िता और उसका परिवार भयभीत है। बच्ची ने अपनी जान को खतरा भी बताया है। ऐसे में राज्य सरकार तत्काल पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराए। मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी विधायक और अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

साहू ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि महिला अधिकारों और आदिवासी सम्मान की बात करने वाले कांग्रेस के शीर्ष नेता इस मामले में चुप क्यों हैं? उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो से भी अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सत्ता का रसूख किसी को कानून से ऊपर नहीं बना सकता। भाजपा इस मामले को दबने नहीं देगी। यदि आरोपी विधायक की गिरफ्तारी और पीड़िता को सुरक्षा देने की दिशा में तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *