रामपुर CRPF कैंप हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ को मारी गोली, मौत
लखनऊ: रामपुर में वर्ष 2007 में हुए CRPF कैंप आतंकी हमले के आरोपी रहे मोहम्मद शरीफ पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी। घटना में शरीफ घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी मौत हो गई।पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गौरतलब है कि 31 दिसंबर 2007 की रात रामपुर स्थित CRPF कैंप पर आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में सात CRPF जवानों और एक रिक्शा चालक की मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए थे। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। जांच के दौरान मोहम्मद शरीफ समेत कई लोगों के नाम सामने आए थे।
इस मामले में रामपुर की ट्रायल कोर्ट ने नवंबर 2019 में मोहम्मद शरीफ समेत चार आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि, 29 अक्टूबर 2025 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जांच में गंभीर खामियां पाते हुए हत्या और आतंकी हमले जैसे गंभीर आरोपों से सभी पांच आरोपियों को बरी कर दिया था। अदालत ने शस्त्र अधिनियम के तहत दी गई सजा बरकरार रखी थी।
इसके बाद नवंबर 2025 में शरीफ जेल से रिहा हो गया था। उत्तर प्रदेश सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। अब शरीफ पर हुए इस गोलीकांड के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।



