विद्यालय के प्राचार्य शशि कुमार के निलंबन के विरोध में छात्राओं ने किया प्रदर्शन

कोडरमा :सदर प्रखंड स्थित सीडी बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय के प्राचार्य शशि कुमार के निलंबन के विरोध में बुधवार को छात्राएं उग्र हो गईं और जमकर प्रदर्शन किया.मिली जानकारी के अनुसार प्राचार्य शशि कुमार को विभागीय लापरवाही सहित अन्य कारणों से निलंबित किया गया है. बुधवार को जैसे ही छात्राएं विद्यालय पहुंचीं और उन्हें इसकी जानकारी मिली, वे अपनी-अपनी कक्षाओं से बाहर निकल आईं और निलंबन का विरोध करने लगीं. छात्राओं ने कहा कि वे किसी भी कीमत पर प्राचार्य को विद्यालय से नहीं जाने देंगी. छात्राओं का कहना है कि जब से शशि सर ने प्राचार्य के रूप में पदभार संभाला है, तब से विद्यालय के पठन-पाठन सहित अन्य गतिविधियों में काफी सुधार हुआ है. उनका निलंबन दुर्भावना से ग्रसित होकर किया गया है. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जैसे ही शशि कुमार विद्यालय से बाहर निकले, छात्राएं और उग्र हो गईं.

उन्होंने विद्यालय का मुख्य गेट खोलकर प्राचार्य के पीछे दौड़ लगाई और उन्हें सड़क से खींचकर वापस विद्यालय ले आईं. छात्राएं लगातार मांग कर रही हैं कि शशि सर का निलंबन रद्द कर उन्हें वापस विद्यालय में रखा जाए. वहीं इस मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकुल राज ने कहा कि प्राचार्य शशि कुमार द्वारा लगातार कार्य में लापरवाही बरती जा रही थी और वरीय अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी की जा रही थी. इसको लेकर उन्हें तीन बार कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था, जिसका स्पष्ट जवाब नहीं देने पर उन्हें निलंबित किया गया है. उन्होंने कहा कि विभागीय कार्रवाई सामान्य प्रक्रिया है, ऐसे में छात्राओं का उग्र होना उचित नहीं है. वे स्वयं विद्यालय जाकर छात्राओं से बात करेंगे. प्रदर्शन के दौरान विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए छात्राओं को समझा-बुझाकर विद्यालय के अंदर किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *