जनजातीय गौरव दिवस को लेकर भाजपा की प्रदेशव्यापी भव्य आयोजन की तैयारी
रांची : जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश आयोजन समिति के सदस्यों ने भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु पहुंचकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया और श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इसके पश्चात भाजपा खूंटी जिला कार्यालय में प्रदेश आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर झारखंड सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में भाजपा द्वारा भव्य एवं व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कार्यक्रमों की रूपरेखा, आयोजन की जिम्मेदारियों और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपरा एवं स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में समीर उरांव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित झारखंड के वीर जनजातीय महापुरुषों का त्याग, संघर्ष और बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है। जनजातीय गौरव दिवस उनके अद्वितीय योगदान को स्मरण करने और आने वाली पीढ़ियों को अपनी गौरवशाली विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है।
इस अवसर पर एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, एसटी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो, भाजपा खूंटी जिला अध्यक्ष आनंद कुमार, खूंटी नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, पिंकी खोया, रीता मुंडा, जगन्नाथ मुंडा, संजय सिंह मुंडा, बबलू मुंडा, अशोक मुंडा, राजेंद्र मुंडा, लक्ष्मी बाखला, अर्जुन मुंडा, रितेश उरांव, अनिल कंडुलना सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।



