चार पंचायतों को जोड़ने वाली सड़क निर्माण की मांग, नाली योजना की स्वीकृति पर भी उठाए सवाल
खूंटी: मुरहू प्रखंड अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-20 से सटे रोड नंबर-14 के शीघ्र निर्माण की मांग उठाई गई है। इस संबंध में अरुण कुमार साबू ने खूंटी के उपायुक्त को शिकायत एवं मांग-पत्र सौंपकर सड़क निर्माण की दिशा में तत्काल पहल करने का आग्रह किया है। साथ ही, स्थल निरीक्षण के बिना नाली निर्माण योजना स्वीकृत किए जाने और उसकी निविदा निकाले जाने के मामले की जांच की मांग की है।
मांग-पत्र में कहा गया है कि शांतिपुरी मार्ग चार पंचायतों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। इसके बावजूद अब तक सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। इससे हजारों ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। दावा किया गया है कि प्रत्येक बाजार के दिन करीब एक हजार लोग इस रास्ते से पैदल और साइकिल से गुजरते हैं, जबकि लगभग 500 स्कूली बच्चे प्रतिदिन इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। इस सड़क पर तीन आंगनबाड़ी केंद्र और तीन सरकारी विद्यालय भी स्थित हैं। सड़क की बदहाल स्थिति से विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों, किसानों और व्यापारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि सड़क निर्माण को लेकर मुरहू के उप प्रमुख की ओर से जिला परिषद, उपायुक्त कार्यालय और प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों को कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं, नीरज साहू के घर से वीरू साहू के घर तक नाली निर्माण की योजना स्वीकृत कर निविदा निकाले जाने पर सवाल उठाए गए हैं। मांग-पत्र में कहा गया है कि जब संबंधित सड़क का निर्माण ही नहीं हुआ है, तो पहले नाली निर्माण कराने से भविष्य में सड़क बनने के दौरान नाली तोड़ने या उसकी ऊंचाई में बदलाव की नौबत आ सकती है। इससे सरकारी राशि की बर्बादी होने की आशंका है।
उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने उपायुक्त से सड़क का स्थल निरीक्षण कराकर शीघ्र प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति देने, बजट उपलब्ध कराने और निविदा प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। साथ ही नाली निर्माण योजना की तकनीकी जांच, संबंधित अभियंता की भूमिका की समीक्षा और पूर्व में दिए गए आवेदनों पर कार्रवाई नहीं होने के कारणों की जांच कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यह मामला किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि चार पंचायतों के हजारों ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के हित से जुड़ा है।



