झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर डीसी-एसपी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

गणादेश,खूंटी: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर आज उपायुक्त मो० जावेद हुसैन एवं पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिरसा कॉलेज खूँटी, लक्ष्मी नारायण हाई स्कूल मुरहू, सेंट मेरी गर्ल्स हाई स्कूल मुरहू समेत अन्य परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा संचालन की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, अभ्यर्थियों की सुविधाओं एवं केंद्रों पर विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्राधीक्षकों तथा प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को परीक्षा के निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, अभ्यर्थियों की समुचित जांच करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता एवं कदाचार पर प्रभावी रोक लगाने को कहा।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। साथ ही, अभ्यर्थियों को परीक्षा में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

उल्लेखनीय है कि खूंटी जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन कुल 24 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में किया जा रहा है, जिसमें लगभग 11 हजार अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।

जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *