रांची आइडल के ग्रैंड फिनाले में 33 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा, कई प्रतिभागियों ने लगाया भेदभाव का आरोप

रांची : राजधानी रांची के जेवियर्स कॉलेज सभागार में रविवार शाम रांची आइडल के ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सुपर सीनियर, सीनियर और जूनियर तीन श्रेणियों में कुल 33 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। फाइनल में पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी शानदार गायन प्रस्तुतियों से दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका सारेगामा फेम दयाल गोस्वामी, जी म्यूजिक कंपनी के म्यूजिक प्रोड्यूसर असलम खान, वंदना उपाध्याय और प्रिया वर्मा ने निभाई। प्रतिभागियों ने अलग-अलग गीतों की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के परिणाम में सुपर सीनियर वर्ग में ज्ञानेश, सीनियर वर्ग में आकाश कुमार वर्मा और जूनियर वर्ग में आलोक कुमार ने प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। तीनों विजेताओं को 25-25 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। वहीं सुपर सीनियर वर्ग में सुमन सुंदर प्रसाद, सीनियर में रोनिक किशन और जूनियर में अरुण कुमार फर्स्ट रनर-अप रहे। इन्हें 15-15 हजार रुपये दिए गए।
सेकंड रनर-अप के रूप में सुपर सीनियर में अमर कुमार सहाय, सीनियर में जाकिर और जूनियर में कुमारी दिव्या का चयन हुआ। तीनों को 10-10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।
हालांकि प्रतियोगिता के दौरान और परिणाम के बाद कुछ प्रतिभागियों ने आयोजकों पर भेदभाव का आरोप लगाया। नाराज प्रतिभागियों का कहना था कि उन्होंने प्रतियोगिता के लिए काफी मेहनत की थी, लेकिन उनके साथ अपेक्षित तरीके से व्यवहार नहीं किया गया। प्रतिभागियों ने निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
आयोजक माधवी मेहरा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य रांची और आसपास के क्षेत्रों में छिपी संगीत प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है, ताकि प्रतिभावान कलाकार बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। कार्यक्रम में सेक्रेटरी मुशर्रफ सऊद और ज्वाइंट सेक्रेटरी प्रकाश मोहन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *