इलेक्ट्रो स्टील प्लांट में फिर से लगा लापरवाही का आरोप ,लापरवाही से ट्रेलर चालक की मौत, बवाल
बोकारो -बोकारो जिला के सियालजोरी स्थित इलेक्ट्रो स्टील प्लांट (वेदांता ) में उड़ीसा के बड़बिल से माल लेकर पहुंचे ट्रेलर चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई ।मृतक की पहचान डूंगरी टांड़ पिंडराजोरा निवासी दुर्गा चरण महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने संयंत्र प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है मृतक के पुत्र सत्यनारायण महतो ने बताया कि उनके पिता के साथी एक चालक ने फोन कर उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचने को कहा था। वह अस्पताल पहुंचे तो पिता का शव लावारिस अवस्था में पड़ा मिला।डॉक्टर से पूछताछ करने पर पता चला कि एंबुलेंस से शव को अस्पताल लाया गया था और चालक समेत कुछ लोग शव को छोड़कर वापस चले गए। परिजनों के अनुसार दुर्गा चरण महतो उड़ीसा से माल लेकर इलेक्ट्रो स्टील प्लांट वेदांत पहुंचे थे। वहां माल खाली करने के दौरान किसी कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। बेटे ने बताया कि शाम तक फोन पर पिता से बातचीत हुई थी और वह पूरी तरह स्वस्थ थे। इसके बाद रात करीब साढे आठ बजे बोकारो सदर अस्पताल से फोन आया कि उनके पिता की तबीयत खराब है और तत्काल अस्पताल पहुंचे । बेटा का आरोप है कि उस समय प्लांट का कोई प्रतिनिधि उनके साथ मौजूद नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि इलेक्ट्रो स्टील प्लांट की एंबुलेंस शव को सदर अस्पताल में छोड़कर वापस चली गई। इधर घटना की जानकारी मिलते ही कई पार्टी के नेता सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी लेने के बाद उन्होंने प्लांट में आक्रोश जताया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संयंत्र प्रबंधन की ओर से घोर लापरवाही बढ़ती गई है, जिसे कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ।उन्होंने जिला और पुलिस प्रशासन से मामले के निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कानूनी करवाई करने सहित मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और आश्रित को नियोजन देने की मांग की है।
इधर चालक की मौत पर फूटा गुस्सा ,मुआवजा व नियोजन की मांग को लेकर स्थानीय नेता सहित मृतक के परिजनों ने अलकुशा फोरलेन स्थित कंपनी की मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है ।स्थानीय नेताओं ने इलेक्ट्रो स्टील प्लांट प्रबंधन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि बीमार चालक को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए बिना सदर अस्पताल में लावारिस हालत में छोड़ देना प्रबंधन की रूढ़ मानसिकता को दर्शाता है ।यदि चालक को समय पर उपचार मिल जाता तो चालक की जान बच सकती थी । उन्होंने कहा कि अब प्लांट की मनमानी नहीं चलेगी और मृतक की परिजनों को नियोजन सहित उचित मुआवजा देना होगा नहीं तो मार्ग जाम रहेगा ।खबर लिखे जाने तक मार्ग को जाम रखा गया था ।
विदित हो कर इस तरह का आरोप इलेक्ट्रो स्टील प्लांट ( वेदांता) में लगातार लापरवाही का आरोप सुखियों में रहने के बावजूद भी प्लांट की मनमानी चरम सीमा पर है। इससे पहले भी कई संदिग्ध मामलों का आरोप भी प्लांट में लग चुका है फिर भी कार्यवाही के नाम में सिर्फ निपा पोती ही किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्लांट रोजगार न देखकर शोषण का प्लांट बन गया है।प्लांट के प्रबंधन की मनमानी चरम सीमा पर है ।जब इस मामला की पूरी जानकारी लेने के लिए इलेक्ट्रो स्टील प्लांट के सीईओ एवं कई अधिकारियों को कॉल किया गया तो कॉल रिसीव नहीं किया गया ।


