सुदेश महतो विधानसभा वार करेंगे ‘जन की बात’, युवाओं से करेंगे सीधा संवाद
रांची : आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो की अध्यक्षता में पार्टी के प्रमंडलीय प्रभारियों, जिला अध्यक्षों, जिला संयोजकों, विधानसभा स्तर पर नियुक्त बीएलए-1 पदाधिकारियों और प्रदेश स्तरीय युवा संयोजक मंडली की बैठक हुई। बैठक में संगठन के विस्तार और पुनर्गठन के साथ प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सुदेश कुमार महतो विधानसभा वार सभी प्रखंडों में ‘जन की बात’ और ‘युवाओं से संवाद’ कार्यक्रम करेंगे। इन कार्यक्रमों में वे सीधे जनता और युवाओं से रूबरू होंगे। ‘कल, आज और कल का झारखंड’ विषय के तहत रोजगार, शिक्षा, पलायन, कृषि, उद्योग और युवाओं के अवसर समेत राज्य के वर्तमान और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर लोगों के विचार और सुझाव लिए जाएंगे।
वहीं, एक सितंबर 2026 से सभी प्रमंडलीय प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित दौरा करेंगे। इस दौरान संगठन की समीक्षा के साथ कार्यकर्ताओं, युवाओं और आम जनता से संवाद किया जाएगा। प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए आवश्यकतानुसार पुनर्गठन भी किया जाएगा।
बैठक में JPSC-JSSC आंदोलनरत छात्र-छात्राओं पर कथित हमलों की भी कड़ी निंदा की गई। आजसू ने आरोप लगाया कि गिरिडीह, रामगढ़, हजारीबाग, रांची और गढ़वा में आंदोलनकारियों के साथ ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। पार्टी ने रांची में 21 अगस्त को एक छात्रा से कथित मारपीट की घटना पर सवाल उठाते हुए नामजद आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
आजसू ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों की सुरक्षा करना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है। पार्टी ने आंदोलन के समर्थन में सभी जिला मुख्यालयों पर सरकार का पुतला दहन करने का निर्णय लिया है।
बैठक में MMDR Amendment Act, 2026 पर भी चर्चा हुई। पार्टी ने कहा कि खनन से मिलने वाले राजस्व का समुचित लाभ झारखंड को मिलना चाहिए और इसका उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार के विकास में किया जाना चाहिए।


