रक्षाबंधन के अवसर पर पलाश मार्ट में सजी समूह की दीदियों द्वारा निर्मित आकर्षक राखियां
खूंटी : जिला मुख्यालय के बाजारटांड़ स्थित पलाश मार्ट में रक्षाबंधन के अवसर पर स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा निर्मित आकर्षक एवं पारंपरिक राखियों की प्रदर्शनी-सह-बिक्री की जा रही है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं के हुनर को बाजार उपलब्ध कराने तथा उन्हें स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पलाश मार्ट में समूह की दीदियों द्वारा विभिन्न डिजाइनों एवं आकर्षक रंगों में तैयार राखियां ग्राहकों के लिए उपलब्ध हैं। इसके साथ ही पलाश के ‘Adiva Jewellery’ ब्रांड के तहत तैयार विशेष राखियों को भी प्रदर्शित कर बिक्री की जा रही है।
इन राखियों की विशेषता यह है कि इन्हें स्थानीय स्तर पर महिलाओं द्वारा अपने कौशल एवं रचनात्मकता का उपयोग करते हुए तैयार किया गया है। इससे महिला समूहों को उनके उत्पादों का बेहतर बाजार मिल रहा है तथा स्थानीय उत्पाद एवं महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिल रहा है।
रक्षाबंधन के अवसर पर पलाश मार्ट में उपलब्ध ये राखियां ‘स्थानीय उत्पाद–स्थानीय आजीविका’ की भावना को मजबूत कर रही हैं। राखियों की प्रदर्शनी एवं बिक्री ग्राहकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।


