बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
खूंटी : खूंटी थाना क्षेत्र अंतर्गत तजना पुल के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शाहिद अंसारी के 18 वर्षीय पुत्र सलमान अंसारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सलमान अंसारी आजाद रोड स्थित पासा कॉलोनी खूंटी का रहने वाला था। वह अपनी बाइक से रांची जा रहा था, तभी तजना पुल के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और खूंटी थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। जानकारी के अनुसार, जैसे ही इस हृदयविदारक हादसे की खबर मृतक के परिजनों को मिली, पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे, जहां सभी का रो-रो कर बुरा हाल था। सूचना पर पहुंची खूंटी थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।



