पिठोरिया-कांके मुख्य मार्ग पर हादसा; दूसरा युवक गंभीर, रिम्स में भर्ती

रांची (गणादेश): पिठोरिया थाना क्षेत्र के कांके-पतरातू मुख्य मार्ग स्थित बाढ़ू के सेमर टोली मोड़ के पास शनिवार शाम करीब चार बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पिठोरिया से कांके की ओर जा रहे बाइक सवार दो युवक सड़क किनारे खड़ी गाड़ी से जा टकराए। हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक संख्या जेएच 01एफएल-7673 पर सवार होकर पिठोरिया से कांके की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेमर टोली मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी गाड़ी से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वही, दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पिठोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। एसआई सत्यदेव प्रसाद ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। वही, गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दोनों युवक रातू थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *