झारखंड के सभी सदर अस्पताल होंगे डिजिटल, मरीजों को एक क्लिक पर मिलेगी डॉक्टर और दवाओं की जानकारी
रांची: झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक हाईटेक और पारदर्शी बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य के सभी जिलों के सदर अस्पतालों को डिजिटल सेवाओं और ऑनलाइन व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। इसके लिए मंगलवार को नेपाल हाउस स्थित स्वास्थ्य विभाग के मंत्रालय में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की मौजूदगी में रॉडिक कंपनी के साथ एमओयू किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि इस पहल से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और मरीजों को अस्पताल से जुड़ी जरूरी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। डिजिटल व्यवस्था लागू होने के बाद अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों की जानकारी लोगों को डिजिटल बोर्ड के माध्यम से मिलेगी।
मंत्री ने बताया कि मरीज और उनके परिजन यह भी देख सकेंगे कि अस्पताल में कितने डॉक्टर मौजूद हैं और कौन-कौन सी दवाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल की व्यवस्थाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि मरीजों को अस्पताल की सेवाओं की जानकारी के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। डिजिटल सेवाओं के विस्तार से अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर निगरानी भी बेहतर होगी और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
वहीं स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार ने कहा कि यह व्यवस्था झारखंड में नहीं था। जबकि अन्य राज्यों में उपलब्ध है। इस व्यवस्था के शुरू होने से मरीजों को इसका लाभ मिलेगा। वहीं एम्बुलेंस की कमी पर बताया कि इसकी खरीदारी प्रक्रिया चल रही है।


