स्वच्छ भारत मिशन पर कार्यशाला का आयोजन
खूँटी: समाहरणालय स्थित सभागार में उप विकास आयुक्त खूंटी आलोक कुमार की अध्यक्षता में “स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025” हेतु एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने उपस्थित सभी अधिकारियों व प्रतिभागियों को स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्ध रहने का निर्देश दिया।
कार्यशाला में “स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025” से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई, जिसे जिला समन्वयक श्री नीरज त्रिपाठी द्वारा PPT के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि यह सर्वेक्षण गुणवत्ता आधारित होगा, जिसमें खूंटी जिला को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 (SSG-2025) के तहत खूंटी जिला 22 चयनित ग्रामों में सक्रिय भूमिका निभाएगा। AMS संस्था द्वारा इन ग्रामों में सर्वेक्षण कर 4 प्रमुख बिंदुओं- सिटीजन फीडबैक, सर्विस लेवल प्रोग्रेस, डिस्ट्रिक्ट ऑब्जरवेशन, ऑब्जरवेशन ऑफ प्लांट पर मूल्यांकन किया जाएगा।
कार्यालय अधीक्षण मनीष कुमार, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, खूंटी ने भी SSG 2025 के उद्देश्यों और प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर पंचायत मुखिया, सचिव, पंचायत सेवक, जलसहिया, ANM आदि की भागीदारी आवश्यक है। AMS द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर ग्रामों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया जाएगा।
कार्यशाला में बीडीओ, बीपीएम, जेएसएलपीएस, डीएसडब्ल्यूओ, जिला परियोजना समन्वयक, कंप्यूटर ऑपरेटर, पंचायत प्रतिनिधि, आदि की उपस्थिति रही। सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे SSG 2025 की सफलता हेतु आपसी समन्वय बनाते हुए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ अपने-अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।



