आदेश गुप्ता के इस्तीफे के बाद वीरेंद्र सचदेवा बने दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष

नई दिल्ली : दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनावों में हार की जिम्मेदारी लेते हुए दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज पद से इस्तीफा दे दिया और वीरेंद्र सचदेवा ने उनकी जगह कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया है। सचदेवा अगले अध्यक्ष की नियुक्ति तक कामकाज संभालेंगे। वे फिलहाल दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष हैं।
वीरेंद्र सचदेवा ने कार्यकारी अध्यक्ष पद संभालने के बाद कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं। पार्टी ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है। यह एक व्यवस्था है। आज किसी और को बनना है तो कल कोई और बनेगा। हम मिलजुल कर 2024 के लिए काम करेंगे। पीएम मोदी के सभी काम को जमीन पर उतारने के लिए दिल्ली की सभी सातों संसदीय सीट पर फिर जीत दिलाना लक्ष्य है।
बता दें कि MCD चुनाव में भाजपा ने 250 वार्डों में से 104 सीटें जीती थीं, जबकि आम आदमी पार्टी 134 सीटें जीती थी। इस चुनावों में भाजपा वह सीट भी हार गई, जहां आदेश गुप्ता रहते हैं। इस बारे में आदेश गुप्ता ने कहा था कि इलाके तो सांसदों और विधायकों के होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *