रांची के वीर दुर्गा सोरेन चौक पर भिड़े दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी, सड़क पर हुई मारपीट
रांची,। राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित वीर दुर्गा सोरेन चौक पर ड्यूटी के दौरान दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के आपस में भिड़ने का मामला सामने आया है। दोनों जवानों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट में बदल गई। सड़क पर दोनों को एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाते देख राहगीर और स्थानीय लोग हैरान रह गए।बताया जा रहा है कि दोनों ट्रैफिक पुलिसकर्मी चौक पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए तैनात थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हुआ। पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर दोनों पुलिसकर्मियों को अलग कराया और स्थिति को शांत कराया। इस दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों के ड्यूटी के दौरान इस तरह आपस में भिड़ने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में संबंधित पुलिस विभाग की ओर से किसी कार्रवाई या जांच की जानकारी सामने नहीं आई है।


