भागलपुर में मौत बनकर गिरी आकाशीय बिजली, दो लोगों की मौत, कई घायल
भागलपुर। जिले के विभिन्न इलाकों में रविवार दोपहर को आकाशीय बिजली मौत बनकर गिरी। दो लोगों की मौत हो गयी। जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार कहलगांव अनुमंडल के सन्हौला प्रखंड स्थित बनियाडीह गांव निवासी रघुनंदन यादव (55वर्ष) गांव के पास स्थित एक खेत में काम करने गए थे। इस बीच मुसलाधार बारिश शुरू हो गयी। और इस दौरान आकाशीय बिजली अचानक रघुनंदन के शरीर पर गिर गयी। और मौके पर उसकी दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं आकाशीय बिजली के गड़गड़ाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मदद के लिए खेत की ओर दौड़े। हालांकि तब तक रघुनंदन की मौत हो चुकी थी। लोगों की सहायता से मृतक के शव को घर पर लाया गया। लाश को देखते ही मृतक के परिजन रोने बिलखने लगे।
ग्रामीणों ने इस हादसे की जानकारी सन्हौला थाना को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। और मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली। इधर परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ मना कर दिया।
किशोर की मौत :
कहलगांव प्रखंड स्थित घोघा स्थित जानीडीह कुलकुलिया निवासी धनंजय मंडल का 16 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार घर के पास स्थित खेत पर बारिश के दौरान स्नान कर रहा था। इस बीच आकाशीय बिजली के चपेट में आने से उसकी मौत हो गयी। पुत्र की मौत की खबर सुनकर मां ललिता देवी बदहवास थी। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
तीन लोग झुलसे :
घोघा के पक्कीसरा निवासी धर्मेंद्र मंडल की पत्नी नंदिनी देवी (19वर्ष), गुड़िया कुमारी (16वर्ष) और दीक्षा कुमारी (13 वर्ष) ये सभी घर के पास स्थित खेत में काम कर रही थी। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली के चपेट में आने से तीनों झुलस गयी। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



