नवगछिया में ब्राउन शुगर की बड़ी खेप बरामद, अंतरराज्यीय तस्करी रैकेट के दो सदस्य दबोचे
भागलपुर। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव और दुर्गा पूजा के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। इसी क्रम में नवगछिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 318.81 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ अंतरराज्यीय ड्रग रैकेट के दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। यह बरामदगी न सिर्फ नवगछिया, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार है।
सूचना से एक्शन तक – पुलिस की सटीक रणनीति
29 सितम्बर को नवगछिया पुलिस अधीक्षक को खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली कि जीरो माइल क्षेत्र में ड्रग्स की डिलीवरी होनी है। तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया और बिक्रमशिला पहुंच पथ पर निगरानी शुरू की गई। टीम ने बंजारा होटल के पास खड़े दो संदिग्ध युवकों को दबोचा। तलाशी के दौरान आलम शेख नामक युवक के बैग में छिपाकर रखे गए तीन माजा टेट्रा पैक में 318.81 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
काले नशे की कीमत, 50 लाख के करीब
पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर की कीमत 40 से 50 लाख रुपये के बीच आंकी गई है। यह खेप पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से लाकर नवगछिया में सप्लाई की जानी थी।
आलम शेख, पिता इसराईल शेख, निवासी मजमपुर, थाना कलिया चौक, जिला मालदा (प. बंगाल), प्रिंस कुमार, पिता नित्यानंद साह, निवासी साहू टोला, भवानीपुर, थाना रंगरा, जिला भागलपुर।
पूछताछ में आलम ने स्वीकार किया कि वे मालदा से ब्राउन शुगर लेकर नवगछिया पहुंचे थे। पुलिस को शक है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा है। अब इस पूरे रैकेट की जांच और विस्तार से पड़ताल की जा रही है।
क्या-क्या मिला?
ब्राउन शुगर – 318.81 ग्राम, मोबाइल फोन – 2 नग, मोटरसाइकिल -1
मामला दर्ज, नेटवर्क की तलाश जारी
नवगछिया थाना में कांड संख्या 315/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य तस्करों की संलिप्तता और संपर्कों को खंगाल रही है। सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियाँ हो सकती हैं।



