आदि कर्मयोगी अभियान को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
खूँटी: नगर भवन सभागार में आयोजित आदि कर्मयोगी अभियान से संबंधित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, परियोजना निदेशक, आईटीडीए आलोक शिकारी, जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की सहायक निदेशक अर्चना (रा.भा.) मुख्य प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुईं।
वहीं प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी सहित सहयोगी एनजीओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अंतिम दिन प्रतिभागियों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया कि वह ग्रामीणों के साथ मिलजुलकर आदि कर्मयोगी की तरह सहज व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जूनियर इंजीनियर (जेई), ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर (बीपीओ), महिला पर्यवेक्षिका एवं ब्लॉक कॉर्डिनेटर को अभियान से संबंधित पहलुओं, क्रियान्वयन की रूपरेखा एवं जनजागरूकता गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों को कई तकनीकी विषयों पर भी जानकारी प्रदान की गई, ताकि वे क्षेत्र में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में सेवा वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाना तथा स्थानीय संस्थानों को सशक्त करना है, जिससे योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुँच सके। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलजुलकर आदि कर्मयोगी की तरह सहज व्यवहार करते हुए ग्रामीणों के समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करने की बात कही।
कार्यक्रम के समापन पर सफलता पूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।



