सुरों की सरगम से गूंजेगा तीन दिवसीय विक्रमशिला महोत्सव: हेमा सरदेसाई, बिपिन सचदेवा और अनुष्का बनर्जी बिखेरेंगे जादू

भागलपुर। ऐतिहासिक धरोहर और सांस्कृतिक वैभव के लिए प्रसिद्ध विक्रमशिला महाविहार की धरती संगीत और संस्कृति के रंगों से सराबोर होने जा रहा है। 13 से 15 मार्च तक आयोजित होने वाले इस भव्य महोत्सव में देश के नामी-गिरामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और आयोजन समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं, वहीं स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर इस बार बॉलीवुड और संगीत जगत के चर्चित कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम की शुरुआत 13 मार्च को बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर हेमा सरदेसाई की सुरमयी प्रस्तुति से होगी। अपने मधुर और जोशीले गीतों के लिए प्रसिद्ध हेमा की आवाज पर झूमने के लिए दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उद्घाटन के मौके पर विधानसभा सदस्य सह लोकप्रिय लोक गायिका मैथिली ठाकुर भी मंच पर उपस्थित रहेगी।

इसके बाद 14 मार्च को 90 के दशक के मशहूर प्लेबैक सिंगर बिपिन सचदेवा अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगे। रोमांटिक और सदाबहार गीतों के लिए पहचान रखने वाले बिपिन सचदेवा के कार्यक्रम को लेकर भी संगीत प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है।

महोत्सव के तीसरे दिन यानी 15 मार्च को प्रतिभाशाली गायिका इंडियन आयडल फेम अनुष्का बनर्जी मंच संभालेंगी। अपनी अलग गायकी शैली और ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुति के लिए जानी जाने वाली अनुष्का बनर्जी का कार्यक्रम महोत्सव की शाम को खास बना देगा।

आयोजन समिति के अनुसार, इस तीन दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन में संगीत के साथ-साथ स्थानीय कला, संस्कृति और परंपराओं की भी झलक देखने को मिलेगी। महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और पर्यटन को बढ़ावा देना है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि हर वर्ष आयोजित होने वाला विक्रमशिला महोत्सव न सिर्फ मनोरंजन का बड़ा मंच बन चुका है, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत कर रहा है। इस बार नामी कलाकारों की मौजूदगी से महोत्सव और भी भव्य होने की उम्मीद है।

अब सभी की निगाहें उस पल पर टिकी हैं जब विक्रमशिला की पावन धरती पर सुरों की महफिल सजेगी और हजारों दर्शक संगीत की लहरियों में डूबकर इस ऐतिहासिक उत्सव का आनंद लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *