श्रावणी मेला का उद्घाटन समारोह भजन सम्राट अनूप जलोटा के भजनों से रहेगा गुलजार
भागलपुर:ऐसी लागी लगन, मीरा हो गई मगन…” — जैसे सैकड़ों सुमधुर भजनों से प्रसिद्धि के शिखर तक पहुंचने वाले भजन सम्राट अनूप जलोटा विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के उद्घाटन कार्यक्रम में 11 जुलाई को शिरकत करेंगे। इस अवसर पर वे अपनी भक्ति-भावनाओं से ओत-प्रोत संगीतमय प्रस्तुति देंगे। भजनों की फुहार में कावंडिया खूब झूमेंगे, नाचेंगे, गाएंगे।
इस संबंध में जानकारी भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने दी है।
ज्ञात हो कि अनूप जलोटा का जन्म 29 जुलाई 1953 को हुआ था। वे एक भारतीय गायक हैं, जो भजन और ग़ज़ल गायन के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध हैं। वर्ष 2012 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया था। वे ‘भजन सम्राट’ के नाम से भी विख्यात हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष भी श्रावणी मेला का उद्घाटन नमामि गंगे घाट पर किया जाएगा, जिसकी तैयारियां ज़ोर-शोर से चल रही हैं। घाट पर एक भव्य उद्घाटन मंच और कांवरियों के लिए विशाल पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह के उपरांत संध्या बेला में भक्ति-संगीत की मधुर लहरें वातावरण को सराबोर करेंगी, जिसमें अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त गायक अनूप जलोटा अपनी प्रस्तुति देंगे।
उनके सुरों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। देर रात तक कांवरिए भक्ति गीतों पर झूमते नज़र आएंगे। अनूप जलोटा शिव भक्ति के साथ-साथ श्रीकृष्ण भक्ति पर आधारित भजन भी प्रस्तुत करेंगे। बताया गया है कि उनकी प्रस्तुतियां कावडियों को झूमने पर विवश कर देंगी। उद्घाटन समारोह में अन्य कलाकार भी अपनी-अपनी प्रस्तुतियां देंगे।



