आदिवासी महोत्सव को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की हुई बैठक, 9 अगस्त को आदिवासी महोत्सव
खूंटी: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शनिवार को उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में आदिवासी महोत्सव 2025 के सफल आयोजन को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। बैठक में 9 अगस्त 2025 को जिला स्तर पर भव्य रूप से आदिवासी महोत्सव आयोजन हेतु रूपरेखा तय की गई तथा कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के विभिन्न आयामों जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक खेलकूद, स्थानीय कलाकारों की भागीदारी, सुरक्षा व्यवस्था, आमंत्रण, प्रचार-प्रसार एवं अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आदिवासी महोत्सव जनजातीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन का एक सशक्त माध्यम है, जिसे जनसहभागिता से सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक आईटीडीए, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



