कहलगांव के किशन कुमार का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन
भागलपुर। कहलगांव के युवा क्रिकेटर किशन कुमार ने क्रिकेट जगत में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए भारतीय अंडर-19 टीम में अपनी जगह बना ली है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज किशन अब आगामी 21 सितंबर से 7 अक्टूबर तक होने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा घोषित 17 सदस्यीय टीम में किशन का नाम शामिल है, जिसकी कप्तानी आयुष महात्रे करेंगे।
टीम में आईपीएल में धमाल मचाने वाले बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी जगह मिली है। किशन के चयन की खबर मिलते ही उनके परिवार, दोस्तों और कोचिंग स्टाफ में खुशी की लहर दौड़ गई। माता-पिता सुशील कुमार और रीना सिंह ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गौरव का क्षण है।
किशन ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, “यह मेरे लिए देश के लिए खेलने का एक बड़ा मौका है। मैं पूरी कोशिश करूंगा कि अपने प्रदर्शन से लोगों के विश्वास पर खरा उतरूं। मेरे रोल मॉडल बेन स्टोक्स और मेंटर आशीष नेहरा हैं।”
किशन वर्तमान में नोएडा में चल रहे भारतीय अंडर-19 हाई परफॉर्मेंस कैंप में भाग ले रहे हैं। इससे पहले वे बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कैंप में भी शामिल हो चुके हैं। उल्लेखनीय है कि किशन पिछले दो वर्षों से आईपीएल फ्रेंचाइज़ी गुजरात टाइटंस के लिए नेट गेंदबाज के रूप में भी सक्रिय रहे हैं।
उनके कोच नागेंद्र नेगी, यशोवर्धन आचार्य, सोनू सिंह, उज्जवल सिंह, अजीत सिंह, चीकू सिंह रघुवंशी, रौनक सिंह, राहुल, पंकज सिंह, पिंटू सिंह और अनुराधा रजक ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
नैनी स्थित डीपीएस मैदान पर संचालित आशीष नेहरा क्रिकेट अकादमी (ANCA) की प्रशिक्षक स्वाति सिंह ने बताया कि किशन अकादमी के शुरुआती प्रशिक्षुओं में से हैं और उन्होंने शुरू से ही अनुशासन और समर्पण से खुद को साबित किया है।
अब सभी की निगाहें ऑस्ट्रेलिया में होने वाले अंडर-19 टेस्ट मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां किशन कुमार से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।



