पवित्र आत्मा हमारे विश्वास को मजबूती प्रदान करता है: महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद
रांची: हुलहुंडू, रांची: आज फातिमा की माता गिरजा, हुलहुंडू काथलिक पल्ली के विश्वासियों के लिए विशेष दिन रहा। क्योंकि आज पल्ली के 419 बच्चे बच्चियों ने दृढ़कारण संस्कार ग्रहण किया। रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने मिस्सा बलिदान अर्पित किया और दृढ़करण संस्कार की धर्मविधि पूरी की।
हुलहुंडू पल्ली के 419 बच्चे बच्चियों के लिए आज का दिन चिरकाल के लिए स्मरणीय दिन बन गया क्योंकि उन्होंने प्रभु येसु द्वारा स्थापित दृढ़करण संस्कार ग्रहण किया। विंसेंट आईंद के पल्ली परिसर में आगमन पर आदिवासी संस्कृति का प्रदर्शन करते हुए उनका हाथ धो कर एवं ढोल नगाड़े के साथ नाचते हुए स्वागत किया गया। तत्पश्चात समारोही मिस्सा बलिदान आरंभ हुआ। हुलहुंडू के पल्ली पुरोहित फाo विंसेंट मिंज ने सभी का स्वागत किया और महाधर्माध्यक्ष को मिस्सा बलिदान के लिए अर्पित किया। दृढ़करण संस्कार समारोह की धर्मविधि रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद द्वारा सम्पन्न की गई। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि “जैसे एक माता अपने बच्चों को नहला धुला कर तेल से मालिश करती है ताकि बच्चा सुस्वास्थ्य और बलवान बनें। वैसे ही प्रभु ईश्वर भी दृढ़करण संस्कार द्वारा हमें हमारी आध्यात्मिकता और विश्वास में मज़बूत बनाता है। ” साथ ही उन्होंने पवित्र आत्मा के सातों वरदानों का स्पष्ट रूप से विश्लेषण किया। मिस्सा बलिदान के अंत में महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने दृढ़करण संस्कार ग्रहण करने वाले बच्चे बच्चियों को शुभकामनाएं दीं एवं अच्छा ख्रीस्तीय जीवन जीने का संदेश दिया। दृढ़करण संस्कार ग्रहण करने वाले बच्चे बच्चियों ने अपने एक्शन गीत द्वारा सभी का मन मोह लिया।
हुलहुंडू पल्ली में आयोजित दृढ़करण संस्कार समारोह के अवसर पर रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, फाo विंसेंट मिंज हुलहुंडू के पल्ली पुरोहित, फाo ब्रिसियुस मिंज पल्ली के सहायक पुरोहित, फाo फिलमोन लकड़ा, फाo रोशन तीडू, फाo मनोज, फाo एडविन मिंज, फाo इग्नेशियूस केरकेट्टा, महाधर्माध्यक्ष के सचिव फाo असीम मिंज अन्य पुरोहितगण, धर्मबहनें एवं हज़ारों की संख्या में ख्रीस्त विश्वासी उपस्थित रहे।

