झारखंड के वीर सपूत पर पूरे राज्य को गर्व : डॉ. इरफान अंसारी
रांची : कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन के दौरान अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराने वाले झारखंड के जवान सद्दाम हुसैन को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा शौर्य चक्र से सम्मानित किए जाने पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उन्हें सम्मानित कर बधाई दी।
इस अवसर पर डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि सद्दाम हुसैन ने अपनी बहादुरी से न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर जवानों के साहस और बलिदान की बदौलत देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा होता है। उन्होंने कहा कि झारखंड के इस वीर सपूत पर पूरे राज्य को गर्व है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर सद्दाम हुसैन की वीरता की जानकारी देंगे और राज्य सरकार की ओर से भी उनके सम्मान के लिए आग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि देश के वीर सैनिकों का सम्मान करना समाज और सरकार दोनों का दायित्व है तथा युवाओं को ऐसे जांबाज सैनिकों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस मौके पर सद्दाम हुसैन के पिता राशिद ने कहा कि उनका सपना है कि देश का हर बेटा सद्दाम हुसैन की तरह राष्ट्रसेवा, साहस और देशभक्ति का प्रतीक बने तथा देश की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहे।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के नेता शकील अंसारी, जमील अंसारी, मनोज कुमार, नईम अंसारी, रवि पंडित, मोहम्मद कश्यप, गुलाम हुसैन, मुस्तफा अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समाजसेवी मौजूद रहे।


