सियाचीन में तैनात अग्निवीर नीरज कुमार चौधरी का पार्थिव शरीर रांची लाया गया, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी
रांची : सियाचीन में तैनात अग्निवीर नीरज कुमार चौधरी का पार्थिव शरीर बुधवार को रांची पहुंचा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर पहुंचकर अग्निवीर नीरज कुमार चौधरी के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ईश्वर से वीर शहीद की आत्मा को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। वहीं मीडिया से बात करते हुए सीएम ने कहा कि शहीद के परिजनों के एक व्यक्ति को हमारी सरकार सरकारी नौकरी देगी। हमारी सरकार शहीद जवानों के परिजनों को जो भी सहायता होगी उपलब्ध कराएगी। ज्ञातव्य है कि शहीद अग्निवीर नीरज कुमार चौधरी देवघर जिला के मधुपुर स्थित कजरा गांव के निवासी थे। वे जम्मू-कश्मीर के लद्दाख (सियाचिन) में तैनात थे। अग्निवीर नीरज कुमार चौधरी देश की सेवा में वीरगति को प्राप्त हुए हैं।



