ताइपे वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के अधिकारियों के संग झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ हुई वार्ता
रांची: ताइपे वर्ल्ड ट्रेड सेंटर कोलकाता की अधिकारी सुश्री चेन वी ने रांची प्रवास के दौरान गुरुवार को झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। चैंबर भवन में संपन्न हुई इस बैठक में संभावित व्यवसायिक क्षेत्रों को खोजने और ताइवान-भारत के बीच पारस्परिक संबंधों को मजबूत बनाने तथा पूर्वी भारत के भीतर भारतीय बाजार की खोज पर चर्चा की गई। बैठक के क्रम में झारखण्ड प्रदेश की अर्थव्यवस्था और विकास की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई और सुझावों का आदान प्रदान किया गया। ताइपे वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की अधिकारी सुश्री चेन वी ने ताईवान और भारत के बीच आर्थिक और व्यापार सहयोग पर चर्चा करते हुए निर्यात होनेवाले उत्पादों की जानकारी दी। अवगत कराया कि ताईवान से डायटरी सप्लीमेंट, हेल्थ फूड, हेयर केयर प्रोडक्ट, इंडस्ट्रीयल मशीनरी, मेडिकल डिवाइज का निर्यात पूरे विश्व में हो रहा है। उन्होंने व्यापार और उद्योग जगत की अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करने और विदेशी बाजारों में उनके सामने आनेवाली चुनौतियों के समाधान में भी ताइपे वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की भूमिका से चैंबर को अवगत कराया।
चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने झारखण्ड से निर्यात होनेवाले उत्पादों और पूर्वी भारत में निवेश की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किये। महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने झारखण्ड और ताईवान के बीच बाइलेटरल ट्रेड बढाने, आयात-निर्यात की संभावनाओं को समझने के उद्देश्य से विभिन्न सेक्टर्स के व्यापार उद्योग से जुडे प्रतिनिधिमंडल के साथ ताइवान विजिट करने की भी बात कही। ताइपे वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के अधिकारियों के आमंत्रण पर जल्द ही झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा ताईवान का व्यवसायिक दौरा करने की सहमति दी गई।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी, महासचिव आदित्य मल्होत्रा कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, एमएसएमई उप समिति चेयरमेन विवेक टिबडेवाल उपस्थित थे। उक्त जानकारी प्रवक्ता सुनिल सरावगी ने दी।

