सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन

भागलपुर। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को सैंडिस कंपाउंड, भागलपुर में जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता दो आयु वर्गों—अंडर-15 और अंडर-17—में संपन्न हुई।

अंडर-15 वर्ग: मुस्लिम स्कूल की एकतरफा जीत
अंडर-15 वर्ग के फाइनल मुकाबले में इंटर लेवल मुस्लिम स्कूल, भागलपुर ने पन्नुचक हाई स्कूल को 5-1 के बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुस्लिम स्कूल की ओर से जर्सी संख्या 10, वाजिद आलम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 गोल किए, जबकि एक गोल जर्सी संख्या 8, गोविंद कुमार के खाते में गया। पनौचक हाई स्कूल की ओर से एकमात्र गोल जर्सी संख्या 11, आशीष ने किया।

अंडर-17 वर्ग: बरारी स्कूल को 3-0 से हराया
अंडर-17 फाइनल में इंटर लेवल मुस्लिम हाई स्कूल, भागलपुर ने आरएचएमटी इंटर स्कूल, बरारी को 3-0 से शिकस्त दी। विजेता टीम की ओर से पहला गोल मैच के पांचवें मिनट में जर्सी संख्या 2, जीत कुमार ने किया। दूसरा गोल 17वें मिनट में जर्सी संख्या 7, ओमन कुमार ने किया, जबकि तीसरा एवं अंतिम गोल 21वें मिनट में जर्सी संख्या 8, गुलशन कुमार ने दागा।

राज्य स्तर पर खेलेगी मुस्लिम स्कूल की टीम
दोनों वर्गों में विजेता रही मुस्लिम हाई स्कूल, भागलपुर की टीमें अब आगामी 4 अगस्त से आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी। अंडर-15 टीम नालंदा, जबकि अंडर-17 टीम बेगूसराय में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करेगी।

उद्घाटन व निर्णायक मंडल
प्रतियोगिता का उद्घाटन अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था), भागलपुर महेश्वर प्रसाद सिंह ने किया। निर्णायक की भूमिका में कृष्ण कुमार, आकाश कुमार, ईजान माजिद एवं असर आलम उर्फ अछू उपस्थित रहे।

प्रमुख अतिथि एवं उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार, जिला फुटबॉल संघ के सचिव मो. फारुख आजम, जिला एथलेटिक संघ के सचिव मो. नसर आलम, जिला खेल कार्यालय के प्रधान लिपिक सतीश चंद्र, राष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल किशोर, कार्यपालक सहायक मो. आमिर खान, शारीरिक शिक्षक विक्की कुमार एवं शारीरिक शिक्षिका श्रीमती खुशबू कुमारी सहित अन्य खेलप्रेमी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *