भाजपा विधायक दल की बैठक में बनी रणनीति, शीतकालीन सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी,सदन में जोरदार हंगामे के आसार

गनादेश,रांची: झारखंड विधानसभा शीतकालीन सत्र का सोमवार को दूसरा दिन है। सोमवार को सदन में हेमंत सोरेन सरकार लगभग साढ़े चार हजार करोड़ रुपये का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश करने जा रही है। बजट पेश होने से पहले ही राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। रविवार देर शाम प्रदेश भाजपा कार्यालय में विधायक दल की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने की।
इस अहम बैठक में शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन और आगामी कार्यवाही के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा हुई। भाजपा विधायकों ने तय किया कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा जाएगा। लंबित विकास योजनाओं की धीमी प्रगति, राज्य में बिगड़ती विधि-व्यवस्था और लगातार सामने आ रहे भ्रष्टाचार के मामलों को सदन में मजबूती से उठाया जाएगा। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि भाजपा किसी भी मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी और जनता की आवाज को सदन में पूरी ताकत से रखेगी।
बैठक में मौजूद विधायकों के अनुसार, सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण विषयों की अनदेखी की गई है, जिसके खिलाफ सदन के भीतर कड़ा विरोध दर्ज कराया जाएगा। भाजपा का रुख पूरी तरह आक्रामक होगा और सरकार से जवाबदेही की मांग की जाएगी। ऐसे में शीतकालीन सत्र में सदन के अंदर ही नहीं बल्कि बाहर भी राजनीतिक माहौल गर्म रहने की संभावना है।
बैठक में विपक्ष के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल सहित सभी भाजपा विधायक उपस्थित थे। सभी विधायकों ने सत्र के दौरान बेहतर समन्वय और एकजुट होकर प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभाने पर सहमति जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *