झारखंड विधानसभा की रजत जयंती : राज्यपाल गंगवार बोले—सदन की मर्यादा सर्वोपरि, उत्कृष्ट विधायक के रूप में धनबाद के राज सिंहा सम्मानित

रांची: झारखंड विधानसभा की 25वीं वर्षगांठ रजत जयंती समारोह शनिवार को विधानसभा परिसर में अत्यंत गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल का स्वागत किया। समारोह में धनबाद विधायक राज सिंहा को इस वर्ष बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार प्रदान किया गया।
राज्यपाल गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में झारखंड के गठन का सपना साकार हुआ, और आज राज्य अपनी 25 साल की यात्रा पूरी कर एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का केंद्र है, जहां राज्य के विकास की दिशा तय होती है। विधायकों को अपनी कार्य संस्कृति बेहतर रखते हुए जनता के भरोसे को कायम रखना चाहिए, क्योंकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उन्हीं की जिम्मेदारी है। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी संरचनाओं के क्षेत्र में मौजूद चुनौतियों पर उन्होंने चिंता जताई और कहा कि आने वाले वर्षों में विधानसभा की कार्यप्रणाली और पारदर्शी होगी।
विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड की पच्चीस वर्षीय यात्रा संघर्ष और उपलब्धियों से भरी रही है। आंदोलन के पुरोधा शिबू सोरेन तथा कई महान विभूतियों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए राज्य के विकास का नया खाका तैयार किया जा रहा है, जिसमें सड़क, उद्योग, आईटी और ग्रामीण विकास प्रमुख हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उत्कृष्ट विधायक राज सिंहा को बधाई देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को समझने और समाधान के लिए समर्पित विधायकों की जरूरत राज्य को हमेशा रहती है। उन्होंने स्वीकार किया कि गरीबी, अशिक्षा और पिछड़ेपन की चुनौतियाँ अब भी मौजूद हैं, लेकिन सरकार सेवा के अधिकार और पारदर्शी प्रशासन के माध्यम से इनका समाधान करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया, वहीं संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राज सिंहा का चयन उत्कृष्ट विधायक के रूप में उनकी ईमानदार कार्यशैली का सम्मान है।
अपने संबोधन में विधायक राज सिंहा ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है और वे जनता के भरोसे को कभी टूटने नहीं देंगे। कार्यक्रम में कई शहीदों के परिजनों, विधानसभा कर्मियों और खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया तथा चार पुस्तिकाओं का लोकार्पण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *