राजद को झटका,एक साथ चार विधायकों ने पार्टी छोड़ा

पटना: राष्ट्रीय जनता दल को बिहार चुनाव से पहले उसके विधायकों ने झटका दिया है। पार्टी के चार विधायकों ने पार्टी की सदस्यता को त्याग कर दिया है।पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। ये सभी बीजेपी में जुड़ने की तैयारी में है।इस्तीफा देने वालों में रजौली के विधायक प्रकाश वीर, नवादा की विधायक विभा देवी, भभुआ के भरत बिंद और मोहनियां की संगीता कुमारी शामिल हैं. इन सभी ने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव को सौंपा, जिसे स्वीकृति भी मिल चुकी है
आरजेडी के अंदर टिकट वितरण को लेकर पहले से ही असंतोष की खबरें आ रही थीं. सूत्रों का कहना है कि प्रकाश वीर और विभा देवी को इस बार टिकट मिलने की संभावना नहीं थी. रजौली में तेजस्वी यादव की रैली के दौरान “प्रकाश वीर को हटाओ” जैसे नारे लगने के वीडियो भी सामने आए थे. वहीं विभा देवी, पूर्व मंत्री राजबल्लभ यादव की पत्नी हैं और नवादा में उनका परिवार लंबे समय से प्रभावशाली रहा है. उनके भाजपा में जाने से यादव वोटों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है.
भभुआ से विधायक भरत बिंद और मोहनियां से विधायक संगीता कुमारी ने भी आरजेडी छोड़ दी है. भरत बिंद ने कहा कि “भाजपा से टिकट लेने के लिए तकनीकी तौर पर इस्तीफा देना जरूरी था.” वहीं संगीता कुमारी ने कहा कि वे क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क में हैं और भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने को तैयार हैं.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन इस्तीफों से आरजेडी को खासकर मगध और दक्षिण बिहार के क्षेत्रों में बड़ा नुकसान हो सकता है, जहां यादव और पिछड़ा वर्ग पार्टी का पारंपरिक वोट बैंक माना जाता है. उधर भाजपा ने एक बार फिर अपनी चुनावी रणनीति स्पष्ट कर दी है- विपक्ष के असंतुष्ट चेहरों को अपने खेमे में लाकर न केवल संगठन को मज़बूत करना, बल्कि विपक्ष को भी कमजोर करना. इन घटनाक्रमों से साफ है कि चुनावी मैदान में उतरने से पहले बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो चुकी है और आगे भी कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *