सड़क हादसे में घायल वरिष्ठ अधिवक्ता मिथलेश प्रसाद का निधन

रांची (गणादेश) : पिठोरिया के मदनपुर निवासी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मिथलेश प्रसाद का शनिवार देर रात उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पिठोरिया सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। अधिवक्ता समुदाय, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रवासियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया। जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को बुढ़मू थाना क्षेत्र स्थित तिरु जलप्रपात के समीप हुई सड़क दुर्घटना में मिथलेश प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान शनिवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। स्वर्गीय मिथलेश प्रसाद अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व एवं सामाजिक व्यवहार के लिए जाने जाते थे। अधिवक्ता के रूप में उन्होंने क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी। उनके निधन की खबर से अधिवक्ता समुदाय सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। रविवार को मदनपुर स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में अधिवक्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *