डीसी की अध्यक्षता में पीएम-आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन  अंतर्गत संचालित योजनाओं की हुई समीक्षा बैठक

गणादेश,खूंटी: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में शनिवार को उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में पीएम-आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के क्रम में उपायुक्त ने पीएम-आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों में स्वीकृत कुल 28 स्वास्थ्य उपकेन्द्र योजनाओं की भौतिक प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान एनआरईपी समेत संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंताओं द्वारा जानकारी दी गई कि कुल 28 योजनाओं में से 14 योजनाएँ पूर्ण कर ली गई हैं, वहीं 3 योजनाएँ माननीय उच्च न्यायालय के आदेशानुसार स्थगित हैं।

उपायुक्त ने शेष 2 योजनाओं को 15 नवम्बर तक पूर्ण करने का निर्देश दिया तथा शेष योजनाओं में स्थल चयन एवं आवश्यक प्रक्रियात्मक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अवसंरचना से संबंधित सभी परियोजनाएँ जनहित से जुड़ी हैं, अतः गुणवत्ता एवं समयबद्धता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, सिविल सर्जन डॉ. नागेश्वर मांझी, जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार, एनआरईपी एवं अन्य संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *