जाली नोटों के कारोबार का रांची पुलिस ने किया भंडाफोड़, दो गिरफ्तार,डीएसपी ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी जानकारी
रांची: पुलिस ने नकली नोटों के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 500 के कुल 42 बंडल जाली नोट जब्त किए हैं। इस मामले में गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि सरगना समेत अन्य की तलाश जारी है। इस सम्बन्ध में शनिवार को कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी विस्तृत जानकारी साझा किया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस उप-महानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा को सूचना मिली थी कि बिहार से आने वाली चन्द्रलोक बस के माध्यम से जाली नोटों की बड़ी खेप रांची लाई जा रही है। इसी सूचना के बाद पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई। रातु रोड स्थित न्यू मार्केट चौक के पास चन्द्रलोक बस को ट्रैक किया। यात्रियों के उतरने के कुछ देर बाद एक सफेद रंग की हुंडई कार वहाँ पहुँची। बस से तीन कार्टन उतारकर कार में रखा गया। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन की तलाशी ली।
कार्टन खोलने पर 500 रुपये के नकली नोटों के कुल 42 बंडल मिले। इनमें से 20 बंडल में 300-300 जाली नोट और 22 बंडल में 350-350 जाली नोट पाए गए। इसके अलावा दो पैकिंग कार्टन और विभिन्न कंपनियों के दो मोबाइल भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि इस धंधे का संचालन दिल्ली निवासी नीरज कुमार चौधरी करता है। वह फोन और व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर ग्राहकों तक नकली नोट सप्लाई करवाता है। गिरोह असली नोट ऊपर-नीचे रखकर बीच में नकली नोट पैक करता था और 40 से 50 हजार रुपये में यह खेप बेचता था। इसके एवज में 20 से 30 प्रतिशत कमीशन दिया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों में मो. साबीर उर्फ राजा (27 वर्ष), पिता – मो. असलम, निवासी नूर नगर, हरमु बायपास रोड, थाना अरगोड़ा, रांची,साहिल कुमार उर्फ करण (32 वर्ष), पिता – कैलाश मंडल, निवासी हरमू हाउसिंग कॉलोनी, एल.एफ. क्वार्टर नंबर-60, थाना अरगोड़ा, रांची।
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक प्रकाश सोय, थाना प्रभारी सुखदेवनगर कृष्णा कुमार साहू, पु.अ.नि. पिंकी कुमारी साव, पु.अ.नि. बबलू बेसरा, स.अ.नि. श्री चौधरी एवं स.अ.नि. रविन्द्र दास शामिल थे।
पुलिस अब गिरोह के सरगना नीरज कुमार चौधरी और अन्य सदस्यों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है।



