रांची पुलिस ने चार अपराधियों को हथियारों के साथ किया गिरफ्तार, गिरफ्तार अपराधियों का पाकिस्तान से कनेक्शन

गणादेश,रांची: एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में रांची पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस ने बुधवार को एक बड़े सुरक्षा अभियान के तहत चार अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। ये लोग शहर के व्यवसायियों को धमकी देकर रंगदारी वसूलते थे। रांची सीटी एसपी ने प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी देते हुए बताया कि ये लोग हथियार के बल पर लोगों से रंगदारी वसूलते थे। गिरफ्तार आरोपियों में इनामुल हक उर्फ बबलु खान, रवि आनंद उर्फ सिंघा, मो. शाहिद उर्फ अफरीदी खान और मो. सेराज उर्फ मदन। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन लोडेड पिस्टल, सात मैगजीन और 13 जिंदा गोलियां बरामद कीं।

एसपी ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि ये हथियार सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान के निर्देश पर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब के रास्ते लाए जाते थे। इन हथियारों का इस्तेमाल रांची सहित देश के बड़े कारोबारियों और पूंजीपतियों को डराने और रंगदारी वसूलने में किया जाता था।

रांची में इनामुल हक अपने गुर्गों के साथ वसूली करता था। वसूली गई रकम सुजीत सिन्हा के गुर्गों के माध्यम से प्रिंस खान तक पहुंचती और फिर यूएई के रास्ते पाकिस्तान भेजी जाती थी। वहां इसे अवैध हथियार खरीदने और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में इस्तेमाल किया जाता था।

इस संबंध में सदर थाना में कांड संख्या 512/2025 दर्ज की गई है, जिसमें भारतीय दंड संहिता, आर्म्स एक्ट और यूए (P) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला चल रहा है। पुलिस ने यह भी बताया कि हाल ही में डोरंडा थाना क्षेत्र में हुई हवाई फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार भी इसी गिरोह के थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *