झारखंड बॉर्डर पर डेरा, भागलपुर में सियासी हलचल तेज, आज तय होगा जिप अध्यक्ष, दो दावेदार
भागलपुर। जिला परिषद अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर चल रहा सियासी संग्राम अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। कई दिनों की ‘सैर-सपाटे’ और रणनीतिक बैठकों के बाद अध्यक्ष पद के दावेदारों के खेमे झारखंड – बिहार की सीमा पर डटे हुए हैं। सीमावर्ती इलाके के एक होटल से लेकर बाबा बासुकीनाथ धाम तक, हर जगह सियासी समीकरण साधने की कोशिशें तेज हैं। गुरुवार को बाबा बासुकीनाथ की पूजा-अर्चना की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी चर्चा का विषय बनी रहीं।
26 दिसंबर को भागलपुर जिला परिषद को नया अध्यक्ष मिलने जा रहा है। इसे लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इधर, ‘ पश्चिम बंगाल, उड़ीसा पश्चात झारखंड सैर’ पर निकले कई पार्षद गुरुवार देर रात तक बिहार – झारखंड की सीमा पर पहुंच चुके हैं। अंदरखाने की खबरों के मुताबिक, ये सभी पार्षद 26 दिसंबर की सुबह सीधे जिला परिषद हॉल पहुंचेंगे और वहीं अपनी सियासी ताकत दिखाएंगे।
अध्यक्ष पद के लिए फिलहाल दो नाम सबसे आगे हैं। एक ओर पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष टुनटुन साह मैदान में हैं, तो दूसरी ओर नवगछिया क्षेत्र से पार्षद विपिन कुमार अपनी दावेदारी मजबूत बता रहे हैं। दोनों खेमों से जीत के दावे खुलकर किए जा रहे हैं।
टुनटुन साह का दावा है कि उनके साथ मौजूद सभी पार्षद पूरी तरह तैयार हैं। ‘बाबा की पूजा-अर्चना कर ली गई है, समय पर सभी सदस्य मतदान स्थल पर पहुंचेंगे।’ वहीं, विपिन कुमार का दावा है कि उनके समर्थक पार्षद फिलहाल अपने-अपने क्षेत्रों में हैं और सही वक्त पर सब कुछ सामने आ जाएगा।
गौरतलब है कि जिला परिषद अध्यक्ष रहे मिथुन कुमार ने नाथनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर जीत हासिल की थी और विधायक बन गए। इसके बाद अध्यक्ष पद रिक्त हो गया, जिससे नए चुनाव की जरूरत पड़ी।
अब सबकी निगाहें 26 दिसंबर पर टिकी हैं, जब यह साफ हो जाएगा कि झारखंड बॉर्डर पर डाले गए सियासी डेरों और रणनीतियों का असली असर किसके पक्ष में जाता है।



