गर्भाशय ट्यूमर एवं ग्रेड 3 बवासीर से पीड़ित मरीज का पारस एचईसी हॉस्पिटल में हुई जटिल सफ़ल सर्जरी
रांची: धुर्वा स्थित पारस एचईसी हॉस्पिटल में डॉक्टरों की टीम ने एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक किया। बोकारो की 50 वर्षीय महिला लंबे समय से अनियमित और अत्यधिक मासिक रक्तस्राव से परेशान थीं। हर 20 दिन के अंतराल पर भारी ब्लीडिंग हो रही थी। जांच में उनके गर्भाशय में बड़ा ट्यूमर भी पाया गया। इसके साथ ही मरीज को ग्रेड-3 बवासीर की गंभीर समस्या थी, जिससे मलाशय से भी लगातार रक्तस्राव हो रहा था। हॉस्पिटल में विस्तृत जांच और आवश्यक तैयारी के बाद सर्जरी की योजना बनाई गई। डॉक्टरों की टीम ने कुशलतापूर्वक टोटल लैप्रोस्कोपिक हिस्टेरेक्टॉमी (गर्भाशय की सर्जरी) और ओपन हेमोरॉयडेक्टॉमी (बवासीर की सर्जरी) एक साथ सफलतापूर्वक की। यह सर्जरी पारस एचईसी हॉस्पिटल में चीफ जनरल एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ अमरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति तेजी से सुधरी और ऑपरेशन के तीसरे दिन उन्हें पूरी तरह स्थिर हालत में हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई।
डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मरीज लंबे समय से अत्यधिक रक्तस्राव और गर्भाशय के बड़े ट्यूमर के साथ-साथ ग्रेड-3 बवासीर की समस्या से जूझ रही थीं। पूरी जांच और आवश्यक तैयारी के बाद दोनों सर्जरी एक साथ करने का निर्णय लिया गया। ऑपरेशन सफल रहा और मरीज की स्थिति अब पूरी तरह स्थिर और बेहतर है। उन्होंने कहा कि समय पर सही उपचार मिलने से मरीज को बड़ी राहत मिली है।
हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ नीतेश कुमार ने कहा कि पारस एचईसी हॉस्पिटल में मरीजों को आधुनिक तकनीक और अनुभवी विशेषज्ञों की टीम के माध्यम से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इस तरह की जटिल सर्जरी का सफलतापूर्वक होना इस बात का प्रमाण है कि अस्पताल में उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि झारखंड और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को यहीं गुणवत्तापूर्ण और भरोसेमंद इलाज मिल सके।



