विद्यालय स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन

रांची। अपर बाजार स्थित शिवनारायण मारवाड़ी बालिका प्लस टू विद्यालय में मंगलवार को विद्यालय स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। यह विज्ञान प्रदर्शनी विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या वर्षा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस वर्ष प्रदर्शनी का थीम समाज के लिए विज्ञान व प्रौद्योगिकी रखा गया है। राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में कुल 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चियों ने एक से बढ़कर एक विज्ञान से संबंधित प्रोजेक्ट का निर्माण कर उसकी व्याख्या कर लोगों को बताया। बच्चियों को विज्ञान प्रदर्शनी में विज्ञान की शिक्षिका निवेदिता मोइत्रा, लतिका मिश्रा, नसीमा बानो, आभा एक्का व कविता कला ने सहयोग व मार्गदर्शन किया। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्या वर्षा व विज्ञान शिक्षिका निवेदिता मोइत्रा ने विद्यार्थियों का आकलन विभिन्न स्तरों पर किया। इस विज्ञान प्रदर्शनी में रिया रानी ने मेंस्ट्रुअल साइकिल का वर्किंग माडल का प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त की। जबकि प्लास्टोस्कोप वेस्ट से माइक्रोस्कोप बना कर रिया व पूजा द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं ट्रैफिक में फंसे एंबुलेंस को आगे जाने का सिस्टम बनाकर द्वितीय स्थान पर रही। तृतीय स्थान पर सेनेटरी नेपकिन डिस्पोजल सिस्टम बनाने वाली निशा रानी व अल्पना का ग्रुप रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रयोगशाला सहायिका संगीता बड़ाइक व अन्य शिक्षिकाओं सहित बाल संसद का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *