राहुल गांधी की सांसदी रद्द होने पर कांग्रेस बोली-भारतीय लोकतंत्र ओम शांति

नई दिल्ली : राहुल गांधी को लोकसभा के सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया है। मानहानि केस में दो साल की सजा मिलने के बाद उनकी संसद सदस्यता रद्द कर दी गई है। राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने के बाद कांग्रेस भाजपा पर हमलावर हो गई है। पार्टी ने इस मामले में अपनी आगे की रणनीति बनाने के लिए शाम 5 बजे आपात बैठक बुलाई है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा ने राहुल गांधी को अयोग्य ठहराने के सभी तरीके आजमाए। जो सच बोल रहे हैं उन्हें वो रखना नहीं चाहते, लेकिन हम सच बोलते रहेंगे। हम जेपीसी की मांग जारी रखेंगे, जरूरत पड़ी तो लोकतंत्र बचाने के लिए जेल जाएंगे।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा की हम कानूनी और राजनीतिक दोनों तरह से इस लड़ाई को लड़ेंगे। हम डरने या चुप रहने वाले नहीं हैं। प्रधानमंत्री से जुड़े अडाणी महाघोटाले में जेपीसी के बजाय राहुल गांधी को अयोग्य करार दिया गया है। भारतीय लोकतंत्र ओम शांति।
राहुल गांधी को चुप कराने की साजिश : वेणुगोपाल
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि जिस दिन से राहुल गांधी ने अडाणी, पीएम के खिलाफ सवाल उठाए। राहुल गांधी को चुप कराने के लिए इस प्रकार की साजिश शुरू की गई। यह भाजपा सरकार के लोकतंत्र विरोधी, तानाशाही रवैये का स्पष्ट मामला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *