एनटीपीसी ने सीएसआर के तहत 183 दिव्यांगजनों और वृद्धजनों के बीच सहायक उपकरण वितरित किए

प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। एनटीपीसी कहलगांव द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए, भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एएलआईएमको) के सहयोग से 183 चिन्हित दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों के बीच सहायक उपकरण वितरित किए गए। यह वितरण कार्यक्रम कहलगांव परियोजना के समीपवर्ती गांवों के दिव्यांगजनों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

इस अवसर पर एनटीपीसी कहलगांव के परियोजना प्रमुख संदीप नाइक, सृष्टि समाज की अध्यक्ष श्रीमती प्रज्ञा नाइक, महाप्रबंधक (O&M) रविंद्र पटेल, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) प्रभात रंजन बारिक, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) भास्कर गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

पूर्व में आयोजित मूल्यांकन शिविर के माध्यम से चयनित 183 लाभार्थियों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, सामान्य ट्राईसाइकिल, श्रवण यंत्र, सुगम्य छड़ी, अंडरआर्म क्रच, वॉकिंग स्टिक, रोलैटर, ADL किट, CP चेयर एवं MSIED किट जैसी सहायक उपकरण प्रदान किए गए।

परियोजना प्रमुख संदीप नाइक ने बताया कि एनटीपीसी कहलगांव का यह प्रयास एक समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम है, जिससे दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। कंपनी अपने परियोजना क्षेत्रों में सामाजिक उत्थान और समावेशिता को प्राथमिकता देते हुए नैगम सामाजिक दायित्व के तहत निरंतर इस प्रकार की पहलों को आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *