विजेंद्र यादव व ललन सिंह के सुझाव पर भाजपा से नाता तोड़ा : नीतीश

पटना : जदयू के राष्ट्रीय सम्नेलन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुलासा किया कि किसके सुझाव पर उन्होंने भाजपा से नाता तोड़कर महागठबंधन के साथ मिलकर सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार में मंत्री विजेंद्र यादव और ललन सिंह ने मुझे कहा कि भाजपा से अलग हो जाइए। उसके बाद मैंने तय किया कि मुझे महागठबंधन के साथ जाना है।
नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा दो जगहों पर हार गई, उसकी कहीं कोई चर्चा नहीं है। जहां हम चुनाव लड़े ही नहीं, वहां की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि ये लोग हमारे खिलाफ काम करते रहते हैं। हम लोगों को इससे कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि जब हम एकजुट हो जाएंगे तो हमारी निश्चित तौर पर जीत होगी। उन्होंने साफ किया कि जो बना था वो थर्ड फ्रंट था, अब जो बनेगा वही मेन फ्रंट होगा।
भाजपा पर हमले करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि हम उनके साथ गठबंधन में थे, तब हमारे साथ रहते हुए ही हमारे ही दल को हराने की उन्होंने साजिश रची। भाजपा पर जदयू को तोड़ने की साजिश रचने की बात बोल नीतीश कुमार ने कहा कि उसी दौरान इन दो लोगों ने मुझे इस बारे में सलाह दी थी, इसके बाद हमने ये निर्णय लिया।
सुशील मोदी पर हमला
भाजपा सांसद सुशील कुमार मोदी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का काम है बोलते रहना। ये लोग चाहते हैं कि लोग लड़ते रहें, लेकिन ऐसा होने नहीं देना है। नीतीश कुमार ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम आगे भी इसी तरह काम करते रहेंगे। इस दौरान उन्होंने शराबबंदी पर कहा कि हमने बापू के विचारों को आगे बढ़ाया। हमने शराबबंदी महिलाओं के कहने पर लागू की है। जो शराब पीता है, वो हैवान बन जाता है। वो सिर्फ पैसे ही नहीं खाता, परिवार को भी खा जाता है।
भाजपा तोड़ने में माहिर
भाजपा पर हमला बोलते हुए नीतीश ने कहा कि अरुणाचल में हमारी पार्टी के 7 लोगों को तोड़ लिया। भाजपा तोड़ने में माहिर है। साथ रहते हुए मेरी पार्टी को तोड़ने की साजिश हुई, इससे गंदा काम तो कुछ नहीं हो सकता। नीतीश कुमार ने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मीडिया को भी निशाना पर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *