सरना धर्म कोड की मांग को ले कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति से की मुलाकात

रांची: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने शुक्रवार को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उनका अभिवादन करते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य की मंगलकामना की।
श्री ठाकुर ने राष्ट्रपति महोदया से कहा कि आप इस बात से भली भांति अवगत हैं कि झारखंड प्रदेश के आदिवासियों द्वारा लंबे समय से अलग सरना धर्म कोड की मांग केंद्र सरकार से की जा रही है। झारखंड प्रदेश के अलावा अन्य प्रदेशों के विभिन्न आदिवासी समूह भी अपने विशिष्ट पहचान एवं अस्तित्व के रक्षार्थ एकजुटता से अलग सरना धर्म कोड की मांग पूरी प्रतिबद्धता से उठाते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड प्रदेश में वर्तमान गठबंधन की सरकार द्वारा 11 नवम्बर 2020 को विधानसभा से सर्वसम्मति से सरना धर्म कोड बिल पारित कर केंद्र सरकार को भेजा गया है। अपितु केंद्र सरकार द्वारा अब तक इस विषय पर अपेक्षित कारवाई नहीं की गई है। आप सविधान के सर्वाेच्च पद पर आसीन हैं, यह सरना धर्म कोड की मांग करने वालों के लिए सौभाग्य की बात है।
श्री ठाकुर ने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि अलग सरना धर्म कोड पर उचित मार्गदर्शन देने की कृपा करेंगे ताकि जनगणना फॉम में अलग धार्मिक कोड के कॉलम के रूप में शामिल किया जा सके।
प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के साथ राष्ट्रपति महोदया से मिलने वालों में प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सांसद गीता कोड़ा, जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, पूर्व मेयर रमा खलखो, प्रदेश महासचिव अमुल्य नीरज खलखो शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *