नीतीश हुए 72 के, पीएम मोदी, लालू व केजरीवाल समेत देश भर के नेताओं ने दी बधाई
पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आज 72वां जन्मदिन हैं। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल समेत ने उन्हें बधाई दी। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, बिहार के मंत्री तेज प्रताप यादव, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन समेत देशभर के बड़े नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी।
पीएम मोदी ने इस खास दिन पर ट्वीट कर लिखा-बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।राजद सुप्रीमो लालू यादव ने भी बेहद खास अंदाज में शुभकामनाएं देते हुए लिखा-हमारे पुराने मित्र छोटे भाई बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके सफल, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करता हूं।
बिहार विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि लोकप्रिय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्य में महिला सशक्तिकरण, जल-जीवन-रियाली समेत अन्य जन उपयोगी योजनाओं के लिए जाना जाता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि मुख्यमंत्री यशस्वी व दीर्घायु हों।
वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सीएम को जन्मदिन की मुबारकबाद देते हुए लिखा-बिहार के मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु होने की कामना करता हूं।
जन्मदिन तमिलनाडु में हिंसा के शिकार बिहारियों को समर्पित करें : पप्पू यादव
जन अधिकार पार्टी प्रमुख पप्पू यादव ने कहा कि बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु, यशस्वी, स्वस्थ बनाए रखे। पप्पू यादव ने सीएम को अपने इस जन्मदिन को तमिलनाडु में हिंसा के शिकार बिहारियों को समर्पित करने और उनके सम्मान से जीने के हक़ की रक्षा करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

