नेतरहाट की नाशपाती अब पहुंच रही बड़े बाजारों तक, किसानों को मिल रहा बेहतर दाम
रांची: झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नेतरहाट की नाशपाती अब स्थानीय बाजारों तक सीमित नहीं रह गई है। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के सेतु सेल की पहल से क्षेत्र के किसानों को संगठित बाजारों और बड़े खरीदारों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसके लिए किसान उत्पादक संगठन (FPO) के माध्यम से नाशपाती की खरीद, ग्रेडिंग, गुणवत्ता जांच, पैकेजिंग और बाजार तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जा रहा है।
JSLPS की पहल के बाद किसानों को अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होने लगा है। नाशपाती की गुणवत्ता के अनुसार ग्रेडिंग और पैकेजिंग की जा रही है, जिससे उत्पाद को बड़े बाजारों के मानकों के अनुरूप तैयार किया जा सके। साथ ही, बेहतर लॉजिस्टिक्स की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि फल को कम समय में सुरक्षित तरीके से खरीदारों तक पहुंचाया जा सके।
अब तक करीब 5 मीट्रिक टन नाशपाती संगठित खरीदारों तक पहुंचाई जा चुकी है। वहीं, लगभग 10 मीट्रिक टन नाशपाती की अगली खेप गुवाहाटी भेजने की तैयारी की जा रही है। इससे नेतरहाट और आसपास के क्षेत्रों में नाशपाती उत्पादन करने वाले किसानों को स्थानीय बाजार से बाहर निकलकर बड़े और बेहतर बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिल रहा है।
किसानों को संगठित बाजार से जोड़ने की यह पहल न केवल उनकी उपज को बेहतर बाजार उपलब्ध करा रही है, बल्कि मूल्यवर्धन, गुणवत्ता सुधार और बेहतर आपूर्ति व्यवस्था के माध्यम से उनकी आय बढ़ाने की संभावनाएं भी मजबूत कर रही है। किसानों के लिए यह पहल बेहतर बाजार, बेहतर दाम और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।



