21 नवंबर को रांची में निकलेगी राष्ट्रीय एकता पदयात्रा,राज्यपाल करेंगे फ्लैग ऑफ, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ होंगे मुख्य अतिथि

गणादेश,रांची : भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेलकूद मंत्रालय द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में झारखंड में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और नेहरू युवा केंद्र संगठन (एनवाईकेएस) द्वारा 21 नवंबर को राष्ट्रीय एकता पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा

रांची : राज्य एनएसएस पदाधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार और एनवाईकेएस की राज्य निदेशक ललिता कुमारी ने बताया कि पदयात्रा की शुरुआत राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार द्वारा राजभवन के मुख्य गेट से फ्लैग ऑफ कर की जाएगी। इस दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

पदयात्रा राजभवन से प्रारंभ होकर रातू रोड स्थित पीटीसी ग्राउंड तक जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को सरदार पटेल के जीवन, कार्यों और राष्ट्रीय एकता में उनके योगदान से अवगत कराना है। यात्रा के दौरान कला-संस्कृति विभाग के कलाकार विभिन्न स्थानों पर लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगे। साथ ही एक भव्य रथ भी सहभागी होगा, जिसमें सरदार पटेल के जीवन से जुड़े चित्र व संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे।

इस कार्यक्रम में रांची विश्वविद्यालय, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, बीआईटी मेसरा और वाईबीएन विश्वविद्यालय सहित विभिन्न संस्थानों के एनएसएस, एनसीसी और माई भारत के 1000 से अधिक स्वयंसेवक भाग लेंगे। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर केंद्रीय मंत्री संजय सेठ की अध्यक्षता में हाल ही में एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *