कांके थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 45 बोतल नशीली कफ सिरप के साथ दो गिरफ्तार
रांची: रांची पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ छापेमारी के क्रम में बीते शुक्रवार की शाम कांके थाना क्षेत्र के बोडिया पुल के पास वाहन जांच में से 24 बोतल नशीली कफ सिरप बरामद किया है। इसके साथ ही पुलिस ने दो व्यक्ति को भी दबोचा है। शनिवार शाम करीब 7 बजे पुलिस बल को देखकर दो स्कूटी सवार चिरांधी की ओर भागने लगे, जिन्हें गश्ती दल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान विनोद गोप (46 वर्ष), निवासी होचर कदम टोला, थाना कांके, जिला रांची तथा नयन सेन (37 वर्ष), निवासी चौका चौली बांस, थाना चौका, जिला सरायकेला-खरसावां के रूप में हुई। तलाशी के दौरान स्कूटी संख्या JH01GA-1137 के डिक्की से 24 बोतल नशीली कफ सिरप (100 एमएल), एक एंड्रॉयड मोबाइल और 3700 रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं दूसरी स्कूटी संख्या JH01GD-0277 से 21 बोतल कफ सिरप (100 एमएल), एक एंड्रॉयड मोबाइल और 6100 रुपये नकद मिले। इस प्रकार कुल 45 बोतल कफ सिरप, दो मोबाइल फोन और 9800 रुपये नकद जब्त किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित रूप से नशीली दवाओं की खरीद कर बोडिया, एदलहातु और चिरांधी इलाकों में ऊंचे दामों पर बिक्री करते थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क और सप्लाई स्रोत की गहन जांच में जुटी है। कार्रवाई में कांके थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।


