लातेहार में उग्र टाना भगतों ने डीसी ऑफिस,सिविल कोर्ट का किया घेराव,पुलिस को आंसू गैस का करना पड़ा उपयोग

विधायक बैद्यनाथ राम के हस्तक्षेप के बाद मामला हुआ शांत

लातेहार: पांचवी अनुसूची क्षेत्र में कोर्ट कचहरी बंद करने करने की मांग को लेकर सोमवार को टाना भगत संघ ने समाहरणालय का घेराव किया और जमकर प्रदर्शन किया। यही नहीं जिला न्यायालय में भी प्रदर्शन किया। इस दौरान कोर्ट का कार्य बाधित रहा।

उग्र प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस को आंसू गैस का उपयोग करना पड़ा। पुलिस ने इस दौरान पानी की बौछारें भी बरसाई। स्थानीय विधायक बैद्यनाथ राम के  

हस्तक्षेप

के बाद मामला शांत हुआ। एसपी अंजनी अंजन भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

टाना भगतों ने इस दौरान पुलिस पीसीआर वाहन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। 

विदित हो कि अखिल भारतीय टाना भगत संघ के तत्वाधान में टाना भगतों ने सोमवार को लातेहार जिला मुख्यालय में व्यवहार न्यायालय का घेराव किया। इस दौरान टाना भगतों ने पांचवी अनुसूची के तहत कोर्ट कचहरी बंद करने का नारा लगाया। 

घायल पुलिसकर्मियों में थानेदार अमित कुमार गुप्ता, सिपाही सत्यनारायण उरांव, कुमारी अमित लक्ष्मी, अंजू रोज खलखो और मनोरमा कुमारी शामिल हैं। 

टाना भगतों के प्रदर्शन के दौरान अदालत परिसर में मौजूद सभी न्यायिक पदाधिकारियों को पीछे के रास्ते से निकाला गया। साथ ही न्यायिक पदाधिकारियों के आवास सुरक्षा की व्यवस्था को बढ़ाया गया है। 

हंगामा बढ़ते ही व्यवहार न्यायालय परिसर के आसपास की दुकानें बंद हो गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए लाठी चार्ज भी किया। 

टाना भगतों के प्रदर्शन के दौरान अंचल अधिकारी रुद्र प्रताप व पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने टाना भगतों को काफी समझाया, लेकिन किसी ने एक नही सुनी। 

परमेश्वर टाना भगत व नागेश्वर टाना भगत ने कहा कि आंदोलन लगातार जारी रहेगा। सरकारी पदाधिकारी संविधान की अनदेखी कर रहे है। उन्होंने कहा कि हमलोगों की मांग जबतक पूरी नहीं होती है तब तक सभी कार्यालय बंद रहेंगे।

इसके पहले टाना भगतों के प्रदर्शन की सुचना पर व्यवहार न्यायालय का प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया और पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। परन्तु टाना भगत गेट खोल कर न्यायालय परिसर में जबरन प्रवेश करने में सफल रहे। 

इस मौके पर बहादुर टाना भगत, जयमंगल टाना भगत, सुमेज टाना भगत, मंगलदेव टाना भगत, धनेश्वर टोप्पो, पंखराज टाना भगत, नागेश्वर टाना भगत, कार्तिक टाना भगत, नीलमणी टाना भगत, ललिता टाना भगत, अजित टाना भगत समेत सैकड़ो संख्या में टाना भगत आए हुए हैं।

इसी बीच लातेहार एसडीपीओ संतोष मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता शुरू की। 

क्या कहा विधायक बैद्यनाथ राम ने: टाना भगतों का प्रदर्शन गलत है। कोई प्रदर्शन संवैधानिक तरीके से करना चाहिए। कोर्ट के कार्य को इनलोगों ने बाधित करने का काम किया है यह गलत है। यह लोकतांत्रिक देश है। न्यायालय का सब को सम्मान करना चाहिए। यहां पर नियम के तहत कोई भी कार्य चलता है। आज इनलोगो ने जो किया वह गलत है।
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार ने टाना भगत को बहुत सारी सुविधा दी है। इन लोगों का मनोबल बढ़ता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *