भागलपुर: मतदाता सूची का हुआ अंतिम प्रकाशन,11,43,917 पुरुष, 10,74,488 महिला, 87 अन्य

भागलपुर। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन को लेकर मंगलवार को समीक्षा भवन, भागलपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की। इस दौरान राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों को अद्यतन मतदाता सूची की प्रति सौंपी गई।

बैठक में निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी दलों से आग्रह किया कि वे प्राप्त मतदाता सूची का गहन मिलान एवं सत्यापन करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

जारी की गई अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, भागलपुर जिले में कुल 22,18,492 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 11,43,917 पुरुष, 10,74,488 महिला, और 87 अन्य मतदाता शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, 01 जुलाई 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के अंतर्गत यह सूची प्रकाशित की गई है। यह सूची सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के कार्यालयों, जिला निर्वाचन कार्यालय एवं अन्य विनिर्दिष्ट स्थलों पर अवलोकन हेतु उपलब्ध कराई गई है।बैठक में कई प्रमुख राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें प्रमुख रूप से विपिन बिहारी सिंह (जिला अध्यक्ष, जदयू भागलपुर), वीरेंद्र कुमार कुशवाहा (जिला अध्यक्ष, जदयू नवगछिया), चंद्रशेखर प्रसाद (जिला अध्यक्ष, राजद), संतोष कुमार (जिला अध्यक्ष, भाजपा), दशरथ प्रसाद (सचिव, सीपीआईएम), रविंद्र कुमार दास (जिला अध्यक्ष, बीएसपी), मुक्तिनाथ सिंह निषाद (जिला अध्यक्ष, भाजपा नवगछिया) आदि शामिल थे।  इसके अतिरिक्त सहायक समाहर्ता जतिन कुमार एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे जनता को मतदाता सूची से संबंधित जानकारी देने में सहयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक सूची से वंचित न रह जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *