खूंटी जिला को नीति आयोग द्वारा तीन मानकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ब्रॉन्ज मेडल से किया जाएगा सम्मानित
खूँटी: नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत खूंटी जिले में संपूर्णता अभियान तथा आकांक्षा हाट के सफल आयोजन को लेकर आज समाहरणालय स्थित सभागार में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि नीति आयोग द्वारा खूंटी जिले को कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं वित्तीय समावेशन (फाइनेंशियल इंक्लूजन) जैसे पाँच मानकों में से तीन मानकों पर बेहतर कार्य करने हेतु ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आकांक्षा हाट एवं सम्मान समारोह का आयोजन 2 अगस्त 2025 को कचहरी मैदान, खूंटी में किया जाएगा। आकांक्षा हाट 2 अगस्त से 4 अगस्त 2025 तक चलेगा। आयोजन के दौरान इन मानकों में योगदान देने वाले फ्रंटलाइन वर्कर्स को सम्मानित किया जाएगा तथा स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा देने हेतु स्टॉल लगाए जाएंगे।
उप विकास आयुक्त आलोक कुमार ने निर्देश दिया कि उक्त आयोजन को भारत सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए। साथ ही सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारी फ्रंटलाइन कर्मियों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें समय पर आमंत्रित एवं सम्मानित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि आकांक्षा हाट के माध्यम से स्थानीय उत्पादों एवं स्वदेशी प्रयासों को सशक्त मंच प्रदान किया जाए।बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।



