झारखंड के ग्रामीण इलाकों में बच्चों के लिए सार्वजनिक पुस्तकालय खोलेगा जेसोवा : प्रीति कुमारी

पाँच दिवसीय जेसोवा दिवाली मेला का समपान,सीएम हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन किया था उद्घाटन

गणादेश,रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित जेसोवा का पांच दिवसीय दीवाली मेला सोमवार को सफलता के साथ संपन्न हुआ। इस मेले का शुभारंभ 9 अक्टूबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने संयुक्त रूप से किया था। समापन अवसर पर जेसोवा अध्यक्ष प्रीति कुमार, उपाध्यक्ष अनीता सिन्हा, सचिव मनु झा सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर मेला की उपलब्धियों और आने वाले दिनों की योजनाओं की जानकारी साझा की।

अध्यक्ष प्रीति कुमारी ने बताया कि इस बार मेले को अभूतपूर्व प्रतिसाद मिला। जेसोवा ने महिला उद्यमियों को एक सशक्त मंच प्रदान किया, जिससे उन्हें अपने उत्पादों और कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। अधिकांश स्टॉल महिलाओं को दिए गए थे, जिससे आत्मनिर्भरता की दिशा में उन्हें प्रेरणा मिली। स्ट्रीट फूड उद्यमियों और छोटे व्यवसायियों को भी मंच प्रदान किया गया, जिनकी बिक्री शानदार रही।

सचिव मनु झा ने कहा कि जेसोवा पिछले 25 वर्षों से महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था ने लापुंग और बेड़ो में दो सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित किए हैं और अब बोकारो तथा पाकुड़ सहित राज्य के अन्य ग्रामीण इलाकों में बच्चों के लिए ऐसे ही सार्वजनिक पुस्तकालय खोलने की योजना बनाई गई है।

प्रति कुमारी ने कहा कि जेसोवा का उद्देश्य ग्रामीण बच्चों को शिक्षा और पठन-पाठन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे ज्ञान के माध्यम से सशक्त समाज के निर्माण में योगदान दे सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *